महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के सरौत गांव में गुरुवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीण महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार, जीविका ब्लॉक कोऑर्डिनेटर उमेश कुमार तिवारी, सतीश कुमार सिंह समेत कई अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर महिलाओं को सतत जीविकोपार्जन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, नल जल योजना समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
एलईडी स्क्रीन पर वीडियो के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई, जिसे देखकर महिलाएं काफी उत्साहित नजर आईं। आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रयासरत महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए और अपनी आकांक्षाएं खुलकर रखीं। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को भी सुना और समाधान का आश्वासन दिया।
इस कार्यक्रम से महिलाओं में जागरूकता बढ़ी है और वे अब सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित हुई हैं। आयोजकों ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम हैं।