ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर तिरंगा यात्रा, पूर्व सैनिकों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया शौर्य को नमन!
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सेना के शौर्य व पराक्रम के सम्मान में गुरुवार की शाम सिसवन में भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं ने पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। मंडल अध्यक्ष अवधेश यादव के नेतृत्व में यह यात्रा अस्पताल रोड से प्रारंभ होकर महावीर चौक, सब्जी बाजार होते हुए अंबेडकर चौक पर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" जैसे नारे लगाकर उपस्थित जनसमूह ने देशप्रेम का परिचय दिया। इस अवसर पर भाजपा के जिला प्रवक्ता देवेंद्र तिवारी, पूर्व सैनिक विजय तिवारी, केशव सिंह, रमेश तिवारी, विनोद चौधरी, डॉ. अशोक भारती और रविंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल सेना की वीरता को सम्मान देना था, बल्कि युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करना भी था। आयोजकों ने इस तरह के आयोजन को आगे भी जारी रखने की बात कही।