माँझी: आरोपी की जगह भाई के घर चस्पा किया वारंट, पीड़ित ने कोर्ट में दी गुहार!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: दाउदपुर थाना पुलिस द्वारा आरोपी मुन्ना दुबे के बजाय उनके भाई सुधाकर दुबे के घर पर वारंट का इश्तिहार चस्पा किये जाने का एक मामला प्रकाश में आया है। इस सम्बंध में बंगरा गाँव निवासी सुधाकर दुबे ने छपरा के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में एक परिवाद दायर कर पुलिस की इस कार्रवाई को पूर्वाग्रह से प्रेरित बतलाया है तथा न्यायालय से उनके खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। दर्ज परिवाद में श्री दुबे ने आरोप लगाया है कि उन्होंने एक मामले में आरोपी अपने भाई प्रभाकर दुबे से सम्बंधित मकान की रजिस्ट्री दो दशक पूर्व ही अपने नाम पर करा ली है तथा इस आशय की सूचना सम्बंधित पुलिस पदाधिकारी को भी दे दी है। इसके बावजूद उन्होंने ढोल नगाड़े के साथ उनके घर पर वारंट का इश्तिहार चस्पा कर उनकी प्रतिष्ठा हनन का प्रयास किया है जबकि वे इस मामले में आरोपी नही हैं।