अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश, एक अभियुक्त गिरफ्तार, बड़ी मात्रा में हथियार और उपकरण बरामद!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरली सिरिसिया गांव में एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में निर्मित एवं अर्द्धनिर्मित हथियारों के साथ-साथ हथियार निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को जब्त किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय ठाकुर, पिता बिचारी ठाकुर, निवासी मुरली सिरिसिया, थाना भेल्दी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार संजय ठाकुर अपने झोपड़ीनुमा आवास में लंबे समय से अवैध रूप से हथियारों का निर्माण कर रहा था। इसके विरुद्ध भेल्दी थाना कांड संख्या 131/25, दिनांक 22.05.25 को आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस पूछताछ में संजय ठाकुर ने इस अवैध कारोबार में दो अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी दी है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में भेल्दी थानाध्यक्ष एवं थाना के अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सारण पुलिस की यह सक्रियता अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।