अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर श्रमिकों को दी गई कानून और योजनाओं की जानकारी!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): श्रम संसाधन विभाग, सारण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर परिसदन सभागार, छपरा में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए सैकड़ों श्रमिकों ने भाग लिया।
शिविर के मुख्य अतिथि प्रो. श्री लालबाबु यादव, सेवा निवृत्त विभागाध्यक्ष, जे.पी. विश्वविद्यालय छपरा ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए श्रम कानूनों एवं सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया।
श्रम अधीक्षक सारण श्रीमती नीलम कुमारी और श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों ने बिहार शताब्दी असंगठित कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना तथा बिहार भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉ. अनिल रंजन, अधिवक्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकार छपरा, श्री आनंद कुमार, सुपरवाइजर, रेल चक्का कारखाना बेला, विकास कुमार मिश्रा, नारायणी सेवा संस्थान छपरा, पुरुषोत्तम सिंह, श्रमिक संघ प्रतिनिधि सहित कई अधिकारी और समाजसेवी उपस्थित थे।
नारायणी सेवा संस्थान के प्रतिनिधि विकास कुमार मिश्रा ने बाल श्रम के उन्मूलन एवं पुनर्वास पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इससे जुड़ी चुनौतियों और समाधान पर चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों, योजनाओं और कानूनी सहायता के प्रति जागरूक बनाना था।