किश्तवार फील्ड सर्वे प्रोग्राम हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन!
सिवान (बिहार): जिला बंदोबस्त पदाधिकारी, सिवान की अध्यक्षता में गुरुवार को किश्तवार फील्ड सर्वे प्रोग्राम के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सिवान जिले के चयनित राजस्व गांवों (मौजों) में विशेष सर्वेक्षण कार्य की शुरुआत से पूर्व अमीनों को आवश्यक तकनीकी जानकारी देना है।
जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने जानकारी दी कि सिवान जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 1449 मौजा हैं, जिनमें से 230 मौजा को किश्तवार सर्वे के लिए चयनित किया गया है। इन क्षेत्रों में भू-सर्वेक्षण, बाउंड्री वेरिफिकेशन और खेसरा सत्यापन का कार्य किया जाएगा।
किश्तवार फील्ड सर्वे के अंतर्गत:
प्रत्येक चयनित मौजा में ट्राई जंक्शन चिन्हित कर उसका बाउंड्री वेरिफिकेशन किया जाएगा।
खेसरा (खाता संख्या) का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा।
सर्वेक्षण कार्यों में एरियल सर्वे एजेंसी ARHAS की सहायता से मैप वेरिफिकेशन भी कराया जाएगा।
इस कार्य हेतु सिवान जिले के 230 अमीनों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, ताकि वे जमीनी स्तर पर तकनीकी सर्वेक्षण को सही दिशा में क्रियान्वित कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने सर्वेक्षण से जुड़ी चुनौतियों, आधुनिक तकनीक के उपयोग, तथा अमीनों की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की।