डकैती कांड में वांछित रोहित कुमार अमनौर से गिरफ्तार, सारण पुलिस की बड़ी सफलता!
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने सक्रिय अभियान के तहत डकैती कांड में वांछित एक कुख्यात अपराधी रोहित कुमार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अमनौर थाना क्षेत्र के गोरौल गांव निवासी रोहित कुमार पर डकैती, षड्यंत्र और अवैध हथियार रखने जैसे कई संगीन मामलों में एफआईआर दर्ज है। पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रोहित कुमार अमनौर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना अध्यक्ष की अगुवाई में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। रोहित कुमार के खिलाफ अमनौर थाना में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें कांड संख्या-42/24, 43/24, 123/25 और 124/25 शामिल हैं। इन मामलों में उस पर डकैती, साजिश, आपराधिक गिरोह संचालन और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराएं लगी हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, रोहित कुमार ने हाल ही में 3 मई को दर्ज दो अलग-अलग मामलों में भी अहम भूमिका निभाई थी। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 310 की विभिन्न उपधाराएं और आर्म्स एक्ट की कई धाराएं शामिल हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने इस गिरफ्तारी को गंभीर आपराधियों के खिलाफ एक निर्णायक कदम बताया है। साथ ही यह स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।