जन सुराज पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन, प्रशांत किशोर की सभा की तैयारी तेज!
सिवान (सिसवन), 13 मई। जन सुराज पार्टी के तत्वावधान में मंगलवार को सिसवन प्रखंड के छितौली गांव में एक कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन आगामी 22 मई को सिसवन के हरेराम ब्रह्मचारी उच्च विद्यालय के खेल मैदान में पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर की प्रस्तावित सभा एवं कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने कहा कि "पार्टी प्रमुख प्रशांत किशोर के स्वागत के लिए दस हजार युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। सिसवन की धरती ऐतिहासिक बदलाव की गवाह बनेगी।"
योगेंद्र सिंह ने राज्य की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा, "बिहार की जनता का नीतीश और लालू से मोहभंग हो चुका है। जब तक तीसरा विकल्प सत्ता में नहीं आता, तब तक बिहार में बेरोजगारी, पलायन, अपराध और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दे अधूरे रहेंगे।"
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी उपाध्यक्ष सतेंद्र यादव ने की जबकि मंच संचालन मनोरंजन सिंह उर्फ लोहा सिंह ने किया। सतेंद्र यादव ने अपने संबोधन में कहा, "जन सुराज पार्टी की सरकार बनने पर गरीब और अमीर में कोई फर्क नहीं रहेगा, सभी को समान शिक्षा और रोजगार मिलेगा। युवाओं को दूसरे प्रदेशों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।"
सम्मेलन में बसंत चौबे, मनीष तिवारी, श्याम सुंदर तिवारी, आयुष कुमार यादव, सुरेश मिश्रा, रेयाज अहमद, जयप्रकाश महतो समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने सम्मेलन को सफल बनाने और 22 मई की सभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
इस आयोजन के जरिए जन सुराज पार्टी ने सिसवन में अपनी राजनीतिक सक्रियता को मजबूत करते हुए जनसमर्थन जुटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।