छोटा काम, बड़ा संदेश: शिक्षक ने दिखाया सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण!
माँझी, सारण | 17 मई 2025
"काम छोटा है पर बड़ी दुर्घटना को टाल सकता है..." – इसी सोच को चरितार्थ किया हाई स्कूल ताजपुर, माँझी के शिक्षक मो. सुलेमान ने।
शनिवार को स्कूल से घर लौटते समय उन्होंने सड़क किनारे पड़े मृत पशु को हटाकर न केवल रास्ता साफ किया, बल्कि एक संभावित दुर्घटना को भी टाल दिया। उनके इस छोटे-से कार्य ने सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों को राहत दी और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश भी दिया।
शिक्षक मो. सुलेमान का मानना है कि एक शिक्षक का कर्तव्य सिर्फ पठन-पाठन तक सीमित नहीं होता, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाना और दूसरों को प्रेरित करना भी उसकी जिम्मेदारी है।
स्थानीय लोगों ने उनके इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यदि हर नागरिक इसी भावना से कार्य करे तो समाज में कई समस्याओं का समाधान स्वतः ही हो सकता है।