सिसवन क्षेत्र में तीन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग घायल!
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में बुधवार को अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया।
पहली घटना घुरघाट गांव की है, जहां अलकतरा से सूप रंगने के दौरान आग लगने से एक महिला झुलस गई। घायल महिला की पहचान मंटू महतो की पत्नी अनीता देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि थिनर डालने के दौरान आग की लपटें तेज हो गईं और अनीता देवी झुलस गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
दूसरी घटना चैनपुर ओपी क्षेत्र के मुबारकपुर गांव की है, जहां आपसी विवाद में मारपीट हो गई। इस घटना में मदन तिवारी, पिता मंगलदेव तिवारी घायल हो गए। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है।
तीसरी घटना सिवान-सिसवन मुख्य मार्ग की है, जहां बाइक सवार चंद्रशेखर गोस्वामी दुर्घटना में घायल हो गए। वह घुरघाट मठिया गांव के कन्हैया गिरी के पुत्र हैं।
सभी घायलों का प्राथमिक उपचार सिसवन रेफरल अस्पताल में किया गया है। पुलिस ने संबंधित मामलों की जांच शुरू कर दी है।