तीन अलग-अलग मारपीट की घटनाएं, एक महिला व दो युवक घायल!
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र और चैनपुर थाना क्षेत्र में रविवार को अलग-अलग तीन मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें एक महिला समेत दो युवक घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया है।
पहली घटना सिसवन थाना क्षेत्र के घूरघाट गांव की है, जहां निवासी धर्मेंद्र यादव ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने अपने ही गांव के आधा दर्जन से अधिक लोगों पर जानलेवा हमला करने और गहने लूटने का आरोप लगाया है। दर्ज प्राथमिकी में हृदयानंद यादव, ओमप्रकाश यादव, मनोज यादव, सुनील यादव, विद्यानंद यादव, भोला यादव सहित दो महिलाओं को नामजद किया गया है। आरोप है कि हमलावरों ने रॉड और ईंट से हमला कर धर्मेंद्र यादव का सिर फोड़ दिया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 109 व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में हुई, जहां दो युवकों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। इसमें अभिजीत कुमार का पुत्र आदर्श कुमार घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तीसरी घटना चैनपुर थाना के नयागांव से सामने आई, जहां जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में कसिदन बीवी घायल हो गईं। वह यूसुफ अंसारी की पत्नी हैं। घायल महिला का भी सिसवन अस्पताल में इलाज हुआ।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुट गई है।