पूर्व सरपंच एवं पत्रकार के पिता धर्मनाथ प्रसाद सिंह का हृदयाघात से निधन, गांव में शोक की लहर!
सारण (बिहार) संवाददाता संजय कुमार सिंह: सारण जिले के एकमा प्रखंड अंतर्गत परसागढ़ बाजार के पूर्व सरपंच एवं वरिष्ठ सामाजिक नेता धर्मनाथ प्रसाद सिंह का शनिवार की सुबह हृदयाघात से निधन हो गया। वे 86 वर्ष के थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक के छोटे पुत्र विजय कुमार सिंह, जो एक प्रमुख हिन्दी दैनिक अखबार से जुड़े पत्रकार हैं, ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके पिता प्रतिदिन की तरह सुबह कॉलोनी में टहलने के बाद नाश्ता कर अखबार पढ़ रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी धड़कनें तेज होने लगीं। स्थिति बिगड़ते देख परिजन उन्हें तुरन्त एक निजी अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
धर्मनाथ प्रसाद सिंह क्षेत्र में एक सम्मानित जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी के रूप में जाने जाते थे। वे परसा पंचायत के 22 वर्षों तक सरपंच, पैक्स अध्यक्ष, एवं 20 सूत्री कार्यक्रम के अध्यक्ष रह चुके थे। इसके अलावा उनका संपर्क बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र एवं बनियापुर की पूर्व विधायक उमा पांडेय जैसे बड़े राजनीतिक नेताओं से भी था।
उनके निधन की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण, शुभचिंतक और राजनीतिक-सामाजिक क्षेत्र की हस्तियाँ अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास स्थान पर पहुँचीं। दिनभर लोगों का तांता लगा रहा।
उनके पार्थिव शरीर को रिविलगंज स्थित सेमरिया घाट ले जाया गया, जहाँ उनके बड़े पुत्र नागेंद्र सिंह ने मुखाग्नि दी। इसके साथ ही वे पंचतत्व में विलीन हो गए।
परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कई स्थानीय नेताओं और पत्रकार साथियों ने श्री सिंह के योगदान को याद किया और इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।