बिना चहारदीवारी के चल रहा ताजपुर उप स्वास्थ्य केंद्र, वर्षों से उपेक्षित – सुविधाएं होते हुए भी व्यवस्था लचर!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के उप स्वास्थ्य केंद्र ताजपुर वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। सरकार द्वारा तमाम बुनियादी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, लेकिन बुनियादी ढांचे की कमी और अतिक्रमण जैसी समस्याओं ने इस केंद्र की कार्यक्षमता को प्रभावित किया है।
पत्रकारों की एक टीम ने जब ताजपुर उप स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया, तो वहाँ मौजूद मरीजों ने बताया कि सरकार ने यहाँ प्रसव से लेकर अन्य उपचार संबंधी सारी सुविधाएं दी हैं। परन्तु चहारदीवारी के अभाव में यह केंद्र असुरक्षित बना हुआ है और अराजक तत्वों के लिए आसान निशाना बन चुका है।
सेवानिवृत्त शिक्षक श्रीराम सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा समुचित संसाधन और सुविधाएं भेजी जाती हैं, लेकिन समुचित देखरेख और संरचनात्मक सुविधा के अभाव में यह केंद्र अपनी पूरी क्षमता से सेवा नहीं दे पा रहा है।
मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. रोहित कुमार द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है, जिससे स्टाफ समय पर आकर मरीजों को देख लेते हैं। बावजूद इसके, संरचनात्मक समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रोहित कुमार द्वारा अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए कई बार अंचलाधिकारी को सूचित किया गया है, पर इस पर अमल नहीं किया गया है।
डॉ. अमित कुमार ने भी स्पष्ट किया कि चहारदीवारी नहीं रहने के कारण बाहरी हस्तक्षेप और अतिक्रमण की समस्या बढ़ गई है। कुछ दबंग लोगों ने स्वास्थ्य केंद्र के बाहर अतिक्रमण कर गुमटी लगा दी है, जिससे मरीजों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है।
इस मौके पर मनोज सिंह, चंदन सिंह, सतेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, गुड्डू सिंह सहित कई स्थानीय लोग भी उपस्थित थे, जिन्होंने प्रशासन से इस उप स्वास्थ्य केंद्र की चहारदीवारी बनवाने और अतिक्रमण हटाने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन इस ओर ध्यान दे तो यह केंद्र पंचायत के लोगों को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे सकता है।