राष्ट्रीय बाल श्रम उन्मूलन दिवस पर निकली जागरूकता रैली, श्रम अधीक्षक ने किया शपथ पत्र अभियान का ऐलान!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार): श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार के निदेशानुसार आज सारण जिला में राष्ट्रीय बाल श्रम उन्मूलन दिवस के अवसर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर सारण समाहरणालय से एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई, जिसका उद्देश्य बाल श्रम के प्रति समाज में चेतना फैलाना और इस कुप्रथा को जड़ से समाप्त करना था।
रैली में श्रम अधीक्षक श्रीमती नीलम कुमारी ने बताया कि 30 अप्रैल से 8 मई 2025 तक जिले के दुकानदारों, कल-कारखानों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में शपथ पत्र भरवाने का अभियान चलाया जाएगा, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी नियोक्ता बच्चों से मजदूरी नहीं करवा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि इस अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं को भी शामिल किया जाएगा और बाल श्रम उन्मूलन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा कर सामूहिक प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी श्री मुन्ना कुमार, अभिषेक कुमार, प्रियंका कुमारी, राजेश कुमार, अशोक कुमार सहित कई अन्य कार्यालयकर्मी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों और कर्मियों ने बाल श्रम के विरुद्ध एकजुट होकर जिला के सभी नियोक्ताओं से अपील की कि वे बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम कार्य न कराएं।
रैली में भाग लेकर सभी अधिकारियों ने बाल श्रम के खिलाफ समाज में संदेश देने का कार्य किया और जिले के नागरिकों से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।