भव्य कलश यात्रा के साथ संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: श्रीराम दरबार सेवा समिति के तत्वाधान में संगीतमय श्रीराम कथा के निमित्त गुरुवार को बैंड बाजे से सुसज्जित भब्य एवम आकर्षक कलशयात्रा निकाली गई। कलशयात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु महिला व पुरुष शामिल हुए। कलशयात्रा माँझी नगर पँचायत के कुँअर टोली (शनिचरा बाजार) से चलकर प्रसिद्ध रामघाट पर पहुँची तथा पवित्र सरयु का जल भरकर श्रद्धालुओं की टोली पुनः कथास्थल तक पहुँची।
यज्ञ के संयोजक कमल शर्मा ने बताया कि पूज्य आचार्य श्री रविरंजन तेजस्वी जी के नेतृत्व में आयोजित यज्ञ में 4 अप्रैल से 12 अप्रैल तक प्रतिदिन संध्या 5 से 8 बजे तक संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन होगा तथा भण्डारा एवं प्रसाद वितरण के साथ 13 अप्रैल को यज्ञ का समापन होगा। कलशयात्रा में भाजपा नेत्री पूजा शर्मा, उप मुख्य पार्षद नीतू सिंह, ललित मोहन शर्मा, प्रमोद कुमार शाश्वत, शशि मिश्रा, बिनोद कुमार, केदार सिंह तथा मनोहर शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे।