महिला संवाद कार्यक्रम में आत्मनिर्भरता और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी!
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के ग्यासपुर और रामगढ़ पंचायत में गुरुवार को जीविका महिला ग्राम संगठन के तत्वावधान में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। एलईडी स्क्रीन पर वीडियो के माध्यम से योजनाओं की जानकारी साझा की गई, जिससे ग्रामीण महिलाएं सरकारी लाभों के प्रति जागरूक हो सकें।
इस अवसर पर आत्मनिर्भर बन चुकी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे सरकारी योजनाओं की सहायता से उन्होंने अपने जीवन में बदलाव लाया। महिलाओं ने अपनी आकांक्षाएं, समस्याएं और सुझाव भी खुलकर रखे।
कार्यक्रम में महिलाओं ने कहा कि ऐसे आयोजन उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देते हैं। आयोजकों ने विश्वास जताया कि इस तरह के संवाद भविष्य में भी महिलाओं के लिए मार्गदर्शक साबित होंगे।