सीएसपी संचालक के साथ लूट कांड का उद्भेदन, एक आरोपी गिरफ्तार!
मकेर थाना पुलिस की कार्रवाई, लूट के मामले में लगातार छापेमारी जारी
सारण (बिहार): मकेर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक से हुई लूट की घटना का सारण पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सारण के दिशा-निर्देश पर मकेर थाना द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2025 को कुछ अज्ञात अपराधियों ने मकेर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। मामले में पीड़ित द्वारा दर्ज प्राथमिकी (कांड संख्या 37/25) के आधार पर अनुसंधान शुरू किया गया। इस क्रम में पहले ही दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
अनुसंधान के क्रम में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मकेर थाना पुलिस ने एक और अभियुक्त सूरज कुमार (पिता - रविन्द्र सिंह, निवासी - समुनी, थाना - परसा, सारण) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से मार्कस डिवाइस भी बरामद किया है।
पुलिस की टीम में मकेर थाना अध्यक्ष के साथ थाना क्षेत्र के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। वहीं अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।