यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई, 1.25 लाख का जुर्माना वसूला!
13 वाहन जब्त, 68 वाहनों पर जुर्माना, यातायात सुधार के लिए सघन जांच अभियान
सारण (बिहार): सारण पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को छपरा शहर में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत शहर में अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
छपरा यातायात थाना द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र में पार्क किए गए कुल 13 वाहनों को टो मशीन की सहायता से जब्त किया गया। वहीं 68 वाहनों से कुल 1,25,000 रुपये जुर्माना वसूला गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया गया है। सारण पुलिस ने आमजन से ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील की है और कहा है कि यातायात को सुगम बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।