उदित सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न!
सिवान (बिहार):लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा सिसवन प्रखंड में शुक्रवार को उदित सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही संपन्न हो गया। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से भरे इस पर्व में प्रखंड क्षेत्र के जई छपरा, गयासपुर, सिसवन, भागर सहित कई गांवों में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं ने पूरी निष्ठा के साथ पूजा-अर्चना की।
गुरुवार की शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद शुक्रवार की सुबह उदयमान सूर्य को अर्घ्य देकर छठ व्रतियों ने अपना कठिन व्रत पूर्ण किया। छठ घाटों पर सुबह से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
छठ घाटों को आकर्षक रूप से सजाया गया था और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं साफ-सफाई की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पर्व न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि पारिवारिक सुख-शांति और समृद्धि की कामना का पर्व भी है। व्रतियों की आस्था, कठोर तप और सामूहिक सहयोग के साथ यह पर्व पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।