पुलिस से सीधे संवाद में छात्र-छात्राएं, सीखी आत्मरक्षा और शिकायत प्रक्रिया!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: सारण के एसपी डॉ कुमार आशीष के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे आवाज दो अभियान के तहत बुधवार को दलन सिंह उत्क्रमित उच्च विद्यालय के दर्जनों छात्र व छात्राओं ने तीन अलग अलग समूहों में माँझी थाना परिसर पहुँचकर पुलिस की कार्यशैली का गहनता पूर्वक अवलोकन किया। पीएसआई प्रवीण कुमार ने छात्र व छात्राओं को महिला हेल्प डेस्क की उपयोगिता एवम शिकायतों का त्वरित पंजीकरण व पुलिस द्वारा मामलों की जाँच करने के तौर तरीकों के अलावा विभिन्न कानूनी पहलुओं की विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। तीन अलग अलग समूहों में पहुँचे छात्र व छात्राओं ने अन्य पुलिस पदाधिकारियों से भी क्रमशः पुलिस की कार्यप्रणाली की पुख्ता जानकारी ली। सहायक पुलिस अधीक्षक सह थानाध्यक्ष संकेत कुमार ने डायल 112 तथा अन्य हेल्पलाइन नम्बरों की तथ्यात्मक जानकारी के अलावा किशोर व किशोरियों को उकसाकर उन्हें गलत रास्ते पर ले जाने वालों से बचाव एवम आत्मरक्षा के कानूनी पहलुओं की जानकारी दी।
एएसपी ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि थाने पर शिकायत लेकर आने वाली पीड़िता का नाम पता गोपनीय रखा जाता है तथा उनसे केवल महिला पुलिस पदाधिकारी ही पूछताछ करती हैं। पुलिस के सहयोगी रुख से पीड़िता अब बेझिझक एवम सहज तरीके से अपनी परेशानी से पुलिस को अवगत करा रही हैं।। थानाध्यक्ष ने छात्र व छात्राओं को पुलिस कार्यालय के विभिन्न रजिस्टरों की भी जानकारी दी। आईपीएस श्री कुमार ने छात्र व छात्राओं को थाना कार्यालय,कम्प्यूटर कक्ष,महिला व पुरुष हवालात तथा भोजनालय कक्ष आदि का भी भ्रमण कराया।
मौके पर पुअनि आरती कुमारी,नविता कुमारी,महेश प्रसाद तथा विपुल कुमार के अलावा शिक्षक सुनील कुमार सहित माँझी थाना में पदस्थापित सभी महिला व पुरुष पुलिस पदाधिकारी आदि मौजूद थे।