छात्राओं ने जाना पुलिस कार्यप्रणाली, सुरक्षा व महिला सशक्तिकरण के गुर!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: पटना पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रस्तावित आवाज दो कार्यक्रम के तहत मंगलवार को माँझी के कस्तूरबा गांधी बालिका आवसीय विद्यालय की दर्जनों स्कूली छात्राओं को माँझी थाने की कार्यप्रणाली से रूबरू कराया गया। छात्राओं को महिला हेल्प डेस्क की उपयोगिता और शिकायत का त्वरित पंजीकरण व पुलिस द्वारा जांच करने के तौर तरीकों से अवगत कराया गया। समूह में थाना परिसर पहुँची छात्राओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली की मुकम्मल जानकारी ली। सहायक पुलिस अधीक्षक सह थानाध्यक्ष संकेत कुमार ने बताया कि संकट में फँसे होने की स्थिति में डायल 112 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर त्वरित मदद पाई जा सकती है।
पुलिस ने छात्राओं को थाना परिसर का गहनता से भ्रमण कराया। थाना पर तैनात महिला पुलिस की जिम्मेदारियों से छात्राओं को अवगत कराया गया।एएसपी द्वारा छात्राओं को आश्वस्त किया गया कि अब थाने पर शिकायत लेकर आने वाली प्रत्येक पीड़िता से केवल महिला पुलिस कर्मचारी ही सवाल-जवाब करेगी। इससे पीड़िता बेझिझक अपनी परेशानी बयां कर सकेगी। यदि किसी महिला को गंतव्य तक पहुँचने में रात हो जाती है और उसके पास वाहन की सुविधा उपलब्ध नहीं है और वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है तो पुलिस उस महिला को अपनी सुरक्षा में उसे घर तक पहुंचाने का काम भी करेगी।
थानाध्यक्ष ने छात्राओं को पुलिस कार्यालय के विभिन्न रजिस्टरों की भी जानकारी दी। उन्होंने पुलिस अभिरक्षा के समय पुलिस के कर्तव्यों के विषय में भी छात्राओं को बताया।छात्राओं को थाना कार्यालय,कम्प्यूटर कक्ष,महिला हवालात तथा भोजनालय आदि का भी भ्रमण कराया गया। छात्राओं को महिला पुलिस की सुरक्षा, आत्मसम्मान तथा महिला सशक्तीकरण के विषय पर भी विस्तार से बताया गया। मौके पर पुअनि आरती कुमारी, नविता कुमारी, महेश प्रसाद, मिथिलेश कुमार सिंह तथा प्रवीण कुमार के अलावा माँझी थाना में पदस्थापित सभी पुलिस पदाधिकारी आदि मौजूद थे।