अस्थलगामी सूर्य को छठ व्रतियों ने दिया अर्घ्य, हसनपुरा व सिसवन में हर्षोल्लास का माहौल!
सिवान (बिहार): हसनपुरा प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में छठ महापर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। गुरुवार की शाम व्रतधारियों ने अस्थलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भक्तिमय माहौल बना रहा। छठ पर्व को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया। हसनपुरा प्रखंड के विभिन्न घाटों की सुबह से ही सफाई की गई ताकि व्रतधारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। घाटों पर स्वच्छता अभियान तेजी से चलाया गया।
इधर, सिसवन प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर भी श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। छठ पूजा के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। मजिस्ट्रेट और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। सिसवन प्रखंड के जई छपरा, गयासपुर, भागर समेत कई घाटों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल गुरुवार सुबह से मुस्तैद रहे।
सिसवन प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार और अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने गुरुवार को विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। जलाशयों में जल स्तर की स्थिति का जायजा लिया और पूजा समिति की मांग के अनुसार गोताखोर एवं अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाओं को पूरा करने का आश्वासन दिया। पूरे प्रखंड में भक्तिभाव के साथ छठ महापर्व का उल्लास देखा जा रहा है।