मेहंदार में धूमधाम से मनाया गया भगवान परशुराम जन्मोत्सव!
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के मेहंदार स्थित एक निजी भवन में मंगलवार को भगवान परशुराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम के तैलचित्र को फूल-मालाओं से सजाने के साथ हुई। इसके बाद भक्तों ने भक्ति भाव से आरती उतारी और जयकारों से वातावरण को गुंजायमान किया।
इस अवसर पर रामगढ़ पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि व जदयू प्रखंड अध्यक्ष सतेंद्र भारती ने भगवान परशुराम के जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धर्म जागरण समाज को दिशा देता है और इसकी रक्षा का दायित्व युवा पीढ़ी को निभाना होगा।
कमलदेव तिवारी ने भगवान परशुराम के जन्म को अक्षय तृतीया से जोड़ते हुए कहा कि यही वह तिथि है जब युगों की गणना आरंभ होती है। उन्होंने कहा, ब्राह्मण समाज हमेशा से समाज का पथ प्रदर्शक रहा है और भविष्य में भी यही भूमिका निभानी होगी।
राष्ट्रीय एथलीट विकास सिंह ने युवाओं से भगवान परशुराम के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा, जब धरती पर अत्याचार बढ़ा, तब भगवान परशुराम ने अन्याय के खिलाफ शस्त्र उठाए। आज की पीढ़ी को उनके आदर्शों से सीख लेनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस नेता अजीत उपाध्याय ने किया। मौके पर सचिन पांडेय, सागर पांडेय, महेंद्रनाथ मंदिर के प्रधान पूजारी तारकेश्वर उपाध्याय, नीरज उपाध्याय, रूपक दुबे, अमित मिश्रा, सुरेश पांडेय सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।