कुएँ में डूबने से बालक की मौत, मचा हाहाकार!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: माँझी थाना क्षेत्र के गोंढा गांव के समीप रविवार को कुएँ में डूबने से सात वर्षीय एक बालक की मौत हो गई। मृतक माँझी नगर पँचायत क्षेत्र के दुर्गापुर गाँव निवासी राजकिशोर राम का पुत्र राजन कुमार बताया जाता है। दुर्गापुर निवासी रविंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि मृतक राजन अपनी माँ रीना देवी के साथ दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा स्थित अपने मामा के घर पैदल जा रहा था। इसी दौरान गोंढा गांव के समीप समतल स्थान पर कुएँ में फिसलकर गिर पड़ा और पलक झपकते ही डूब गया। बाद में उसकी माँ के शोर मचाए जाने के बाद जुटे ग्रामीणों ने गोताखोरों की सहायता से उसे बाहर निकाला। बाद में उसे माँझी सीएचसी लाया गया जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुँची माँझी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। घटना के सम्बंध में पूछे जाने पर परिजनों ने बताया कि मृतक अपनी माता के साथ अपने ननिहाल बंगरा जा रहा था। बताते हैं कि उसकी माता अपने बच्चों को लेकर गेंहूँ की कटनी करने हेतु अपने मायके बंगरा जा रही थी। उधर मृतक का पिता एक पखवाड़े पूर्व पँजाब के लुधियाना में मजदूरी करने चला गया है। मृतक दो भाई व दो बहनों में सबसे छोटा था।