ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा महिला सम्मान सह होली मिलन समारोह आयोजित!
स्थानीय साधनपुरी कार्यालय में हुआ आयोजन, एक दर्जन से अधिक महिलाओं को किया गया सम्मानित: डॉ अंजू सिंह
सारण (बिहार): ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति द्वारा स्थानीय साधनपुरी कार्यालय में भव्य तरीक़े से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को महिला सम्मान सह होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में सामाजिक स्तर पर समाज की प्रगतिशील और प्रेरणादायक महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन संस्था की संस्थापिका सह सचिव डॉ अंजू सिंह, प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की स्थानीय सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी अनामिका दीदी, महिला हेल्प लाइन की अधीक्षिका मधुबाला, शिक्षाविद सह सामाजिक कार्यकर्ता डॉ अंजली सिंह और खुशबू ठाकुर के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर आगत अतिथियों के अलावा दर्जनों महिला और युवतियां शामिल थी। महिला सम्मान समारोह के बाद होली मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं ने रंगों के साथ भरपूर आनंद उठाया। वहीं एक- दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही महिला कलाकारों की टीम द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें होली की गीत और संगीत के माध्यम से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। साथ ही युवतियों और महिलाओं द्वारा पारंपरिक लोक गीतों पर नृत्य का प्रदर्शन भी किया गया है।
इस अवसर पर समिति की संस्थापिका सह सचिव डॉ अंजू सिंह ने कहा कि समाज में महिलाओं का योगदान अतुलनीय है, और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार के आयोजनों की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष लगभग एक दर्जन से अधिक महिलाओं को उनके सामाजिक कार्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, कला सहित कई अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया है। जिसमें मुख्य रूप से अध्यात्म के क्षेत्र में सामाजिक स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की स्थानीय सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी अनामिका दीदी और सहयोगी प्रियांशु बहन, जिले की महिलाओं की अधिकार के लिए कार्य करने वाली महिला हेल्प लाइन की अधीक्षिका मधुबाला, शिक्षा सहित पर्यावरण के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य करने वाली डॉ अंजली सिंह, महिला और युवतियों के लिए सेनेटरी पैड वितरण करने वाली खुशबू ठाकुर, कला के क्षेत्र में संगीताचार्य संगीता मिश्रा और स्निग्धा मिश्रा को शॉल और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया है। जिस कारण सभी सम्मानित महिलाओं ने खुशी का इज़हार करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके प्रयासों की सराहना का प्रतीक है। हालांकि इसके अलावा अधिवक्ता सुनीता कुमारी, यूबीआई की निशा सिंह, न्याय मित्रा सुमन राय, प्रीति शाही, भाग्यमणि शाही, कविता पटेल और रजनी कुमारी को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
आगत अतिथियों द्वारा ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति की संस्थापिका सह सचिव डॉ अंजू सिंह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में अपनी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित होती हैं। हालांकि भविष्य में समिति द्वारा घोषणा किया गया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके विकास पर विशेष रूप से ध्यान दिया जाएगा। वहीं विगत एक वर्षों से शहर की गरीब, असहाय और जरूरतमंद युवतियों और महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भर बनाने के उद्वेश्य से सिलाई कटाई प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को सशक्त किया जा रहा है। हालांकि बहुत ही जल्द विशेष रूप से महिलाओं के लिए विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम और कार्यशाला आयोजित कर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रजापिता ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की संचालिका बीके अनामिका दीदी ने संस्था की संस्थापिका सह सचिव डॉ अंजू सिंह को चुनरी और लक्ष्मी नारायण की प्रतिमा से सम्मानित किया। वहीं
संस्था को सहयोग करने वाली प्रीति शाही और भाग्यमणि शाही द्वारा संयुक्त रूप से मोमेंटो से सम्मानित किया गया।