उपमुखिया के हत्या के प्रयास में मुखियापति विजय यादव सहित कुल चार नामजद आरोपी गिरफ्तार!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: मुबारकपुर पँचायत स्थित सिधरिया टोला मुर्गी फार्म पर वर्ष 2023 में हुए दोहरे हत्याकांड मामले में छपरा कारा में बन्द तथा हाल ही में जमानत पर छूटकर आये मुखियापति विजय यादव ने पहले से चले आ रहे आपसी विवाद तथा पँचायत की अपनी राजनीतिक खुन्नस मिटाने की वजह से उप मुखिया कमलेश यादव को मौत के घाट उतारने का प्रयास किया था। हालाँकि यह महज एक संयोग ही था कि पिस्टल की पहली गोली लगने के बाद दूसरी गोली मैगजीन में फंस गई अन्यथा उप मुखिया का बच पाना शायद मुश्किल हो जाता। बुधवार को मुखियापति विजय यादव सहित कुल चार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद प्रशिक्षु आईपीएस सह माँझी के थानाध्यक्ष संकेत कुमार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बात कहीं।
उन्होंने बताया कि मुखियापति विजय यादव तथा उसके भाई अजय यादव के अलावा मनीष कुमार यादव तथा राहुल कुमार यादव को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करके बुधवार को जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने उपमुखिया को गोली मार कर जख्मी किये जाने में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मैगजीन रहित एक पिस्टल भी बरामद किया है तथा उसे जाँच के लिए पटना भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से जमीन पर गिरे खून के धब्बों को एकत्र कर फॉरेंसिक जाँच के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने प्रारंभिक जाँच के क्रम में यह पाया है कि नामजद आरोपियों के अलावा छपरा शहर तथा सीमावर्ती बलिया जनपद के एक एक अपराध कर्मी उक्त गोलीकाण्ड में मुख्य भागीदार रहे हैं जिनकी गिरफ्तारी का प्रयास तेज कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मुखिया मद की राशि के लिए भी दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से मतभेद चल रहा था। इस बिन्दु पर भी पुलिस गहराई से जाँच पड़ताल कर रही है।
उन्होंने बताया कि शीघ्र ही मुबारकपुर में शान्ति समिति की एक बैठक बुलाकर राजनीतिक रूप से तीन गुटों में विभक्त लोगों के बीच समन्वय स्थापित कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि मुबारकपुर में पहले से चली आ रही कटुता को हर हमेशा के लिए समाप्त कराया जा सके। साथ ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल स्थानीय युवकों को समाज की मुख्य धारा में शामिल कराने का भी प्रयास किया जा सके। पत्रकारों से बातचीत के दौरान मौके पर अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार भी मौजूद थे।