दाउदपुर थाना पुलिस पर कई संगीन आरोप, नामजद आरोपियों पर नहीं कर रही ही कार्रवाई!
सारण (बिहार): दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गाँव निवासी विकास दुबे की माता रिंकू देवी ने सारण के एसपी डॉ कुमार आशीष से मिलकर दाउदपुर थाना पुलिस पर कई संगीन आरोप लगाया है। एसपी को दिए पत्रक में उन्होंने यह आरोप लगाया गया है कि विगत 24 जनवरी को उनके दरवाजे पर धावा बोलकर उनके पुत्र विकास दुबे को प्रभाकर दुबे उर्फ मुन्ना बाबा तथा उनके अन्य परिजनों द्वारा जान से मारने की नीयत से गोली मार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया गया था। बाद में जख्मी के बयान के आधार पर दाउदपुर थाने में उक्त मामले में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
इधर उक्त मामले के नामजद अभियुक्त प्रभाकर दुबे उर्फ मुन्ना बाबा सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने की दिशा में पुलिस द्वारा किसी तरह की कार्रवाई नही की जा रही है। एसपी को दिए पत्रक में यह भी कहा गया है कि पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार किये जाने के बजाय उल्टे पीड़ितों को ही धमकाकर केस उठाने का पुलिस द्वारा अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। उधर गोली लगने से जख्मी विकास दुबे ने एक राजनेता की शह पर आरोपी के खुला विचरण का दावा करते हुए उक्त नेता पर आरोपी की अनैतिक तरीके से मदद करने का भी आरोप लगाया है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ 96 लाख रुपये के धोखाधड़ी से जुड़े एक मुकदमें में निष्पक्ष गवाही दिए जाने की वजह से आरोपी पक्ष उनसे बेहद खफा हैं इसी वजह से आरोपी उनकी हत्या का लगातार साजिश रच रहे हैं। इधर एसपी से मिलकर दिए पत्रक में रिंकू देवी द्वारा यह भी कहा गया है कि दाउदपुर थाना में दर्ज प्राथमिकी के अनुसंधानकर्ता द्वारा गवाहों का जबरन हस्ताक्षर करा कर अनैतिक तरीके से आरोपी की परोक्ष रूप से मदद की जा रही है। उन्होंने उक्त मामले की निष्पक्ष जाँच किसी अन्य पुलिस पदाधिकारी से कराने की माँग की है। पुलिस पर लगाये गए आरोपों के सम्बंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार ने श्री दुबे के आरोपों को मनगढ़ंत एवम बेबुनियाद बताया है।