अखिल भारतीय साहित्य सृजन सम्मान 2025 से सम्मानित किए गए कोलकाता के कवि नीतिश सिंह!
///जगत दर्शन न्यूज
दिल्ली : 'काव्य गरिमा हिंदी साहित्य मंच' के तत्वावधान में काव्य गोष्ठी, पुस्तक विमोचन एवं सम्मान समारोह का आयोजन गांधी शांति प्रतिष्ठान, आईटीओ, नई दिल्ली में रविवार 16 फरवरी 2025 को संपन्न हुआ। 'काव्य गरिमा हिंदी साहित्य मंच' के प्रथम वार्षिक उत्सव में विशिष्ठ अतिथियों डॉ. कीर्ति काले और डॉ. ठाकुर सुदेश कुमार रोनिजा के हाथों कोलकाता के कवि एवं लेखक नीतिश सिंह को 'अखिल भारतीय सृजन सम्मान 2025' से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया। हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में कार्य कर रही 'काव्य गरिमा हिंदी साहित्य मंच' की संस्थापिका गरिमा भाटी 'गौरी' तथा मंच की अध्यक्ष डॉ. मीना घूमे 'निराली' के सौजन्य से दो सत्रों में सांस्कृतिक प्रस्तुति के साथ 13 पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। इस सम्मान समारोह में शिक्षा, साहित्य, कला, नृत्य, संगीत, रक्तदान, पत्रकारिता, ज्योतिष, समाज सेवा, कृषि, खेलकूद,मीडिया, दिव्यांग, मानव अधिकार, महिला एवं बाल अधिकार आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को अपने-अपने क्षेत्र में उच्च कोटि के सृजनात्मक कार्य के लिए मंच की ओर से 'अखिल भारतीय सृजन सम्मान' से सम्मानित किया गया।
दूसरे सत्र में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कवि सम्मेलन के प्रथम सत्र की अध्यक्षता जाने-माने कवि,गजलकार, दोहा सम्राट आधुनिक कबीर डॉ. नरेश शांडिल्य ने की तथा दूसरे सत्र की अध्यक्षता जयपुर (राजस्थान) के प्रसिद्ध कवि, गीतकार, शायर गोविंद भारद्वाज ने किया। कोलकाता के कवि नीतिश सिंह ने 'मां धरती पर ईश्वर का पहला रूप' स्वरचित कविता का सुंदर काव्य पाठ किया। जिसका उपस्थित सभी विद्वतजनों ने प्रशंसा की। इसी सत्र में '21वीं शताब्दी के भारतीय लोकगीत' नामक पुस्तक का विमोचन किया गया, जिसमें नीतिश सिंह की मगही भाषा के लोकगीत 'परदेश' को भी स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध वरिष्ठ कवयित्री तथा साहित्यकार डॉ. कीर्ति काले और 'इसरो' में 'डिपार्मेंट ऑफ हॉलिस्टिक एजुकेशन' के डायरेक्टर डॉ. ठाकुर सुदेश कुमार रोनिजा उपस्थित थे।
ग्रेटर नोएडा के प्रख्यात गीतकर प्रमोद मिश्रा 'निर्मल', भोपाल (मध्य प्रदेश) के प्रसिद्ध गीतकार, शायर और लेखक मुकेश कबीर, पंचकूला (हरियाणा) की प्रसिद्ध गीतकार डॉ. प्रतिभा माही और नई दिल्ली की 4 वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर डॉ. विदुषी शर्मा प्रमुख अतिथियों के रूप में उपस्थित रहे। देश की राजधानी दिल्ली समेत 12 राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उड़ीसा, बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ आदि प्रदेशों के 100 से अधिक कवि,गीतकार, गजलकार, बाल साहित्य सृजन साहित्यकार, शिक्षाविद, कलाकार, पत्रकार, वैज्ञानिक समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।