सोशल मीडिया पर अवैध हथियार प्रदर्शन कर रहा युवक गिरफ्तार!
सारण (बिहार): गरखा थानान्तर्गत सोशल मीडिया पर अवैध हथियार प्रदर्शन कर रहे एक युवक को किया गया गिरफ्तार।
हर्ष फायरिंग और अवैध हथियार के विरूद्ध सारण पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को गरखा थाना को सोशल मीडिया पर अवैध हथियार प्रदर्शन एवं फायरिंग कर रहे युवक का विडियो प्राप्त हुआ। उक्त विडियो के सत्यापन उपरांत पाया गया कि विडियो में दिख रहा युवक प्रिंस कुमार, पिता राजेश सिंह, साकिन- दक्षिण कदना, थाना- गरखा, जिला-सारण है। इस संदर्भ में थाना पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रिंस कुमार के घर छापामारी किया गया। छापामारी के क्रम में एक मोबाइल बरामद कर प्रिंस कुमार को गिरफ्तार किया गया। प्रिंस कुमार से उक्त विडियो में दिख रहे देशी कट्टा के संबंध में पुछ-ताछ किया गया तो युवक द्वारा बताया गया कि उक्त विडियो में दिख रहा देशी कट्टा सतेन्द्र कुमार, पिता- अलगू सिंह, साकिन- दक्षिण कदना, थाना-गरखा, जिला-सारण का है। इस संदर्भ में गरखा थाना कांड सं0-08/25 दिनांक-04.01.25 धारा-125/223/3 (5) बी०एन०एस० एवं 25 (9)/27 आर्म्स एक्ट दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों के विरूद्ध छापामारी की जा रही है।
इस दौरान टीम में गरखा थानाध्यक्ष पु०नि० शशिरंजन कुमार, पु०अ०नि० राजीव कुमार, प्र०पु०अ०नि० विकास कुमार एवं एस०टी०एफ०, पटना के पुलिसकर्मी मौजूद थे।