जनता पार्टी का मनाया गया 48 वां स्थापना दिवस!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: सम्पूर्ण क्रांति के नायक लोकनायक जय प्रकाश नारायण की जन्मभूमि सिताब दियारा के लाला टोला में गुरुवार को जनता पार्टी का 48 वां स्थापना दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया। समारोह को सम्बोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज कपूर प्रसाद यादव ने कहा कि लोकनायक ने सत्ता परिवर्तन के बजाय ब्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य को लेकर जनता पार्टी की स्थापना की थी, लेकिन चंद सत्ता लोलुप एवम स्वार्थी नेताओं की वजह से पार्टी अपने मूल उद्देश्यों को हासिल करने में सफल नही हो सकी। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिवेश में देश की जनता को जनता पार्टी की मोरारजी भाई, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, बीजू पटनायक तथा चन्द्रशेखर जी द्वारा स्थापित नीतियों व सिद्धांतों की महती आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के बीच जाकर लोकनायक जेपी के अधूरे सपने को पूरा करने हेतु कृत संकल्पित है।
बताते चलें कि 23 जनवरी वर्ष 1977 को जनता पार्टी की स्थापना की गई थी। समारोह को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक रामाश्रय दीक्षित, राष्ट्रीय संरक्षक रामायण सिंह जीवनदानी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर एस बाली, राष्ट्रीय संगठन महासचिव राहुल राज, राष्ट्रीय महासचिव राकेश मणि त्रिपाठी, राष्ट्रीय महासचिव तुफैल अहमद खान आदि ने सम्बोधित किया। समारोह में सैकड़ों कार्यकर्ता व अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। समारोह का संचालन राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सुनील यादव ने किया।