वीर बाल दिवस: गुरु गोविंद सिंह जी ने धर्म की रक्षार्थ समस्त परिवार का बलिदान दिया!
नंदलाल सिंह कालेज में भव्य सेमिनार आयोजित!
सारण (बिहार) संवाददाता संजय पांडेय: नंदलाल सिंह कालेज जैतपुर- दाउदपुर में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में प्राचार्य डॉ केपी श्रीवास्तव की अध्यक्षता में "वीर बाल दिवस" मनाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य श्री श्रीवास्तव ने कहा कि 26 दिसंबर को हीं गुरु गोबिंद सिंह जी के चार पुत्रों अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह ने मुगल सम्राज्य के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपनी शहादत दी थी। शहादत की घटना 21 और 26 दिसंबर 1704 को घटी थी। 21 दिसंबर को दो और 26 दिसंबर को दो साहिबज़ादे शहीद हुए थे। इनमें साहस, निस्वार्थता और न्याय के मूल्य थे। डॉ चन्द्रभान राम ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी ने धर्म की रक्षार्थ समस्त परिवार का बलिदान दिया, जिसके लिए उन्हें " सर्ववंश दानी" भी कहा जाता है। उन्होंने प्रेम, सदाचार और भाईचारे का संदेश दिया। डॉ प्रवीण पंकज ने तत्कालिक परिपेक्ष्य में राष्ट्र के विकास में बालकों तथा बालिकाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
वही डॉ संजय कुमार ने कहा कि देश की उन्नति में बच्चों का ईमानदार प्रयास होना चाहिए। इस शहादत दिवस पर महाविद्यालय में एक सेमिनार का आयोजन किया गया जिसका शीर्षक था "राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका" पर छात्रों ने अपना- अपना विचार साझा किया। अन्य आयोजनों में क्वीज प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता में एनएसएस के कैडरों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में संजय सिंह, दुर्योधन कुमार एवं शैलेश सिंह उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ चन्द्रभान राम ने किया।