घर में घुसकर भीषण चोरी: नकद सहित हजारों रुपए के सामान की चोरी!
सारण (बिहार) संवाददाता संजय पांडेय: दाउदपुर थाना क्षेत्र के जमनपुरा गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने कचहरी से सेवानिवृत आदेशपाल चंद्रमा सिंह के घर में घुसकर भीषण चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में प्रवेश कर कमरे में रखे बक्से व शुटकेस से आभूषण, कीमती वस्त्र व नकद सहित हजारों रुपए मूल्य के सामान की चोरी कर फरार हो गए। शनिवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने पर दाउदपुर थानाध्यक्ष नवलेश ने अपने दल-बल के साथ पहुंच कर घटना की जांच- पड़ताल की और गृहस्वामी से जानकारी ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात में परिवार के सभी लोग खाना खाकर सो रहे थे। तभी चोर चहारदीवारी के रास्ते घर में घुस गए और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
वहीं पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरों ने एक कमरे का दरवाजा जिसमें गृहस्वामी समेत परिवार के लोग सोये थे, बाहर से बंद कर दूसरे कमरे का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी करीब दो बजे रात को हुई जब एक सदस्य की शौच के लिए नींद खुली तो देखा कि बाहर से दरवाजा बंद है। फिर दरवाजा खुलने के बाद देखा कि एक कमरे में रखे चार बक्से व पांच शूटकेश गायब है और बहुत से सामान पास में बिखड़े पड़े हैं। फिर शोरगुल के बाद आसपास के लोग जुट गए। तभी घर के कुछ ही दूरी पर चार टूटे हुए स्टील के बक्से दिखाई पड़े जबकि पांच शुटकेश जिसमें लाखों रूपये नगदी के साथ कीमती सामान रखे हुए थे गायब थे। उसके बाद दाउदपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
गृहस्वामी चंद्रमा सिंह एवं उनके पुत्र चंदन कुमार सिंह ने बताया कि नए मकान का नवनिर्माण हो रहा है ईट, गिट्टी, रॉड आदि समान की खरीदारी के लिए घर पर 2 लाख 70 हजार रूपये कैश एक शूटकेश रखा हुआ था, जिसे चोर अपने साथ लेकर फरार हो गए। साथ में सोने की एक अंगूठी, एक कान का टॉप्स, एक लॉकेट, एक सिकड़ी सहित चांदी का एक जोड़ी पायल,पांच शूटकेश आदि की चोरी कर ली गई है। पुलिस घटना की जांच- पड़ताल कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस गंभीरता से घटना के जांच पड़ताल में जुटी है।