सेना के जवान का शव पहुंचा गांव, क्षेत्र में शोक! सशस्त्र सलामी के साथ दाह संस्कार सम्पन्न!
अंत्येष्टि में स्थानीय प्रशासन गैरहाजिर, सेना के जवानों में नाराजगी!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: माँझी थाना क्षेत्र के नचाप गाँव निवासी स्व मुख्तार सिंह के पुत्र व सेना के जवान का शव रविवार की सुबह गाँव में पहुँचते ही कोहराम मच गया और परिजन शव से लिपटकर रोने बिलखने लगे।
बताते चलें कि माँझी थाना क्षेत्र के नचाप गाँव निवासी सन्तोष सिंह 38 वर्ष की यूपी के बरेली में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक की वजह से मौत हो गई। जवान का शव लेकर आये बिहार रेजिमेंट के जवानों ने बताया कि जम्मू कश्मीर में पोस्टेड सेना के जवान स्व सिंह यूपी के बरेली ट्रेनिंग सेंटर में कैडर कोर्स करने के लिए भेजे गए थे। वहीं ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने के बाद अस्पताल ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गई। रविवार को दोपहर स्थानीय ड्यूमाइगढ घाट पर सेना के जवानों की सशस्त्र सलामी के बीच मृतक का दाह संस्कार सम्पन्न हो गया। मुखग्नि मृतक के दस वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार ने दी। मौके पर आठ वर्षीय पुत्र आरुष कुमार समेत सैकड़ों ग्रामीण आदि मौजूद थे। मृतक के परिवार में उनके शेष तीन भाई व एक बहन के अलावा उनकी विधवा माता एवम पत्नी तथा दो पुत्र हैं।
साथ आये सेना के जवानों ने सेना के जवान की अंत्येष्टि में स्थानीय प्रशासन की गैरमौजूदगी पर क्षोभ प्रकट किया। वहीं दूसरी तरफ पदाधिकारियों द्वारा सेना के जवान की शव यात्रा में शामिल नही होने पर शव यात्रियों ने जवान का अपमान बताते हुए प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की। लोगों की नाराजगी के सम्बंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन से इस आशय का कोई निर्देश प्राप्त नही हुआ था, जिससे उन्हें सेना के जवान के शव आने की जानकारी नही मिली।