दूध उत्पादक सहयोग समिति द्वारा हुआ बोनस का वितरण!
खेती एवं दूध का उत्पादन देश की रीढ है।: डॉ सत्येंद्र यादव
सारण (बिहार) संवाददाता सोहेल अहमद: किसान द्वारा की जाने वाली खेती एवं दूध का उत्पादन देश की रीढ है, बावजूद इसके किसानों एवं पशुपालकों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल पाता। कभी बाढ़ तो कभी सुखाढ की मार किसानों को झेलना पड़ता है। किसानों को छोड़कर हमारा विकास संभव नहीं है, क्योंकि हमारा देश कृषि प्रधान देश है। उक्त बातें माँझी के विधायक डॉ सत्येंद्र यादव ने ताजपुर में दूध उत्पादक सहयोग समिति द्वारा आयोजित बोनस वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कही।
इसी क्रम में उन्होंने कहा कि आज के युवा खेती एवं पशुपालन से दूर भागते जा रहे हैं तथा दूसरे राज्यों में जाकर प्राइवेट कंपनियों में काम कर रहे हैं। यह उनकी मजबूरी है, क्योंकि उनके कंधों पर परिवार का दायित्व है। इसे निभाने के लिए पैसों की आवश्यकता है। लेकिन खेती से वे पैसा नहीं कमा पाते और घाटे में चले जाते हैं। उन्होंने ताजपुर में चल रही इस योजना की भूरि भूरि प्रशंसा की।
बोनस वितरण समारोह में कुल 156 पशुपालक शामिल हुए, जिनके बीच 1लाख 52 हजार की राशि बोनस के रूप में वितरित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चियों द्वारा स्वागत गीत से किया गया। वहीं सभी गणमान्य लोगों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। जबकि पशुपालकों को विधायक सत्येंद्र यादव द्वारा शॉल एवं कंबल सहित बोनस की राशि देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर शिक्षक सुभाष यादव, समिति की सचिव संजू देवी, पूर्व मुखिया विजय सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि राजेश कुमार, पूर्व उप प्रमुख रामकृष्ण सिंह, मुखिया मनीष सिंह, पूर्व जिप सदस्य राजू गुप्ता तथा साधु दुबे आदि बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण मौजूद थे।