पैक्स चुनाव: पहले दिन आठ प्रत्याशियों ने भरा नामांकन पत्र!
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: माँझी प्रखंड में पैक्स चुनाव के मद्देनजर रविवार को नामांकन शुरू होने के साथ ही चहल- पहल शुरू हो गई। नामांकन के लिए प्रखंड मुख्यालय परिसर में पांच काउंटर बनाए गए हैं। प्रत्येक काउंटर पर चार चार पैक्स के अध्यक्ष और सदस्य पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया गया, जिसको लेकर पूरे दिन प्रखण्ड मुख्यालय परिसर में चहल पहल बनी रही।
सुरक्षा को लेकर प्रखंड मुख्यालय के 100 मीटर की दूरी तक 144 लागू की गई है। बीडीओ रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए आठ प्रत्याशियों द्वारा नामांकन दाखिल किया गया। रविवार होने के बावजूद अध्यक्ष पद के लिए घोरहट पंचायत पैक्स अध्यक्ष पद के लिए पूर्व प्रखंड प्रमुख अखिलेश्वर मिश्रा, दाउदपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष पद के लिए तेजबहादुर सिंह, शीतलपुर से पैक्स अध्यक्ष पद के लिए संजय कुमार यादव उर्फ सन्नी यादव, मुबाकपुर पैक्स के निवर्तमान अध्यक्ष मोहन सिंह, इनायतपुर से पैक्स अध्यक्ष पद हेतु सुनील कुमार तथा चिन्ता देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
मालूम हो कि प्रत्याशियों की सुविधा के लिए एक अलग हेल्पडेस्क काउंटर बनाया गया है। प्रत्याशियों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो इसके लिए हेल्पडेस्क काउंटर पर कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।