ट्रेन के चपेट में आने से दो लोगों की मौत, परिवार में छाया मातम!
सारण (बिहार) संवाददाता संजय पांडेय: पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा-सिवान रेलखंड पर दाउदपुर स्टेशन एवं बनवार फ्लाई ओवर ब्रिज के समीप शनिवार की सुबह ट्रेन के चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई।
दाउदपुर स्टेशन के समीप हुई घटना में मृतक की पहचान दाउदपुर मठिया निवासी कमला गिरी के 45 वर्षीय पुत्र संजय गिरी के रूप में हुई है, जबकि बनवार फ्लाई ओवर ब्रिज के समीप हुई घटना में मृत व्यक्ति की पहचान नही हो सकी है। घटना की सूचना मिलने के बाद दाउदपुर स्टेशन मास्टर ने छपरा जीआरपी व थाना पुलिस को जानकारी दी। जिसके बाद अज्ञात व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। वहीं मृतक संजय गिरी के शव को परिजनों के लिखित आवेदन पर जीआरपी ने मुखिया अभिषेक कुमार सिंह आदि की उपस्थिति में पंचनामा बनाकर अंत्येष्टि के लिए सौंप दिया गया। जिसके बाद शव का अंतिम- संस्कार सरयु नदी के मांझी श्मशान घाट पर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक दाउदपुर मठिया निवासी संजय गिरी मजदूरी व घूमकर फेरी का काम करता था, जिससे परिवार का भरण-पोषण होता था। मृतक के दो बेटे व एक बेटी है, जिनकी पूरी जिम्मेवारी अब पत्नी के कंधे पर आ गई है। संजय गिरी की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।