पैक्स चुनाव: कई पंचायतों में मुकाबला हुआ रोमांचक!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: माँझी प्रखंड में रविवार को होने वाले पैक्स के चुनाव में पँचायत प्रतिनिधियों के मैदान में उतर जाने से कई पंचायतों में मुकाबला रोमांचक हो गया है। घोरहट पैक्स से निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सह जदयू नेता राजीव कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह के खिलाफ माँझी के पूर्व प्रखंड प्रमुख अखिलेश्वर मिश्रा के दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतर जाने के बाद श्री सिंह की परेशानी बढ़ गई है।
बताते चलें कि पूर्व प्रमुख अखिलेश्वर मिश्रा, छपरा कारा में आजीवन कारावास में कैद पूर्व मंत्री प्रो रबीन्द्र नाथ मिश्रा के अनुज हैं। उन्होंने बताया कि निवर्तमान अध्यक्ष के कथित नाइंसाफी एवम लूट खसोट की नीति की वजह से स्थानीय किसान व पैक्स से जुड़े मतदाता बेहद आक्रोशित एवम नाखुश हैं। यही वजह है कि अधिकाँश मतदाताओं के प्रेशर के चलते उन्हें यह चुनाव लड़ना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अपनी सम्भावित हार को देखते हुए निवर्तमान अध्यक्ष उनके ऊपर मनगढ़ंत एवम बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। श्री मिश्रा ने रिकार्ड मतों से अपनी जीत का दावा किया है।
इधर डुमरी पैक्स से निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष मिंटू यादव की पत्नी डुली देवी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरीं बेबी देवी को डुमरी पँचायत के दो पूर्व मुखियों क्रमशः हीरालाल यादव तथा संजीत साह का समर्थन मिलने से मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया है। बेबी देवी ने बताया है कि पिछले चार बार के अपने कार्यकाल में निवर्तमान अध्यक्ष ने किसानों के हक की लूट खसोट की है तथा अब अपने सम्भावित हार से बचने एवम दागदार चरित्र को छुपाने के लिए अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में उतार दिया है। बेबी देवी ने इस बार के चुनाव में बम्पर वोटों से अपनी जीत का दावा किया है। बताते चलें कि मिन्टू यादव पूर्व मुखिया स्व महेश यादव के पुत्र तथा वर्तमान मुखिया प्रतिनिधि हैं। यही नही उनकी चाची जिला परिषद सदस्य रह चुकी हैं। डुमरी पैक्स से चुनाव मैदान में उतरे सचिन ओझा ने भी निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष पर कई गम्भीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि तीनों पूर्व मुखियों की तिकड़म से पँचायत की जनता ऊब चुकी हैं तथा इसबार मतदाता उन्हें चुनने का मन बना चुके हैं।