कर्तब्य, निष्ठा व ईमानदारी के बलबूते ही मिलेगा समाज में उचित सम्मान!: जय प्रकाश सिंह (IG)
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह: आम जनता के अलावा अपने कार्यक्षेत्र के दायरे में रहने वाले भूतपूर्व पदाधिकारियों कर्मचारियों की सूची संकलित कर उनके मौलिक अधिकारों की सुरक्षा करना जिले एवम प्रखंडों में पदस्थापित पदाधिकारियों कर्मचारियों का न सिर्फ नैतिक दायित्व है, बल्कि सरकारी सेवा कार्य से रिटायर हो चुके लोगों का कानूनी अधिकार भी है। यह बातें माँझी थाना क्षेत्र के टेघडा गाँव निवासी एवम शिमला में पदस्थापित हिमाचल प्रदेश पुलिस के आईजीपी जयप्रकाश सिंह ने रविवार को माँझी थाना परिसर में पत्रकारों से बातचीत के क्रम में कहीं।
श्री सिंह ने माँझी थाना क्षेत्र में कानून ब्यवस्था की बेहतरी के लिए थानाध्यक्ष अमित कुमार द्वारा किये जा रहे प्रयासों के लिए उन्होंने साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्रतिभा क्षमता एवम माता पिता व गुरुजनों के आशीर्वाद की बदौलत नौजवान बड़े से बड़ा ओहदा हासिल करते हैं तथा अपनी कर्तब्य निष्ठा व ईमानदारी के बलबूते समाज में उचित सम्मान पाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज की बेहतरी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों की बदौलत उपलब्धि हासिल करने वाले निष्ठावान पदाधिकारियों को लोग दशकों तक याद रखते हैं।
श्री सिंह ने कहा कि जैसे जीवन क्षणभंगुर होता है वैसे ही कोई भी पदधारक स्थायी नही होता इसलिए पद की गरिमा को बरकरार रखना किसी भी पदाधिकारी के लिए एक गम्भीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि पद का सदुपयोग करके ही स्वयं का चारित्रिक विकास तथा देश व समाज का भला किया जा सकता है। इससे पहले माँझी थाना परिसर पहुँचने पर माँझी के थानाध्यक्ष अमित कुमार ने अपने सहकर्मियों के साथ आईजी श्री सिंह का भब्य स्वागत किया तथा उनके सम्मान में पारंपरिक लिट्टी चोखा का भोज आयोजित किया।
मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता उमाशंकर ओझा,सुनील कुमार सिंह, संत सिंह तथा बम बम सिंह सहित माँझी थाना में पदस्थापित पदाधिकारी, पुलिसकर्मी व चौकीदार दफादार आदि मौजूद थे। पुलिसकर्मियों को कानून ब्यवस्था बरकरार रखने हेतु जरूरी टिप्स देने के बाद आई जी श्री सिंह लोकनायक जेपी की जन्मभूमि को नमन करने सिताबदियारा रवाना हो गए।