पैक्स चुनाव को लेकर दावा आपत्ति के लिए ब्लॉक पर उमड़ी भीड़!
सारण (बिहार) संवाददाता संजीव शर्मा: माँझी प्रखंड में पैक्स चुनाव हेतु मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने हेतु सोमवार को दावा आपत्ति के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
बताते चलें कि मंगलवार तक कि दावा आपत्ति दाखिल करने की समय सीमा निर्धारित की गई है। तत्पश्चात मतदाता सूची में सुधार किया जाएगा। तथा 25 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा। पैक्स चुनाव निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन के अनुसार सम्पन्न कराया जाएगा। उधर पैक्स अध्यक्ष व सदस्य पद के संभावित प्रत्याशी मतदाताओं से जन सम्पर्क करने में जोर शोर से लगे हुए हैं। प्रखंड मुख्यालय पर बने काउंटर पर सोमवार को सर्वाधिक भीड़ देखी गई जिसे लेकर काउंटर पर लोगों के साथ साथ कर्मी भी परेशान दिख रहे थे।
बता दें कि प्रखंड के घोरहट,डुमरी,ताजपुर,मटियार, खानपुर सहित अन्य पंचायतों के मतदाता नाम जोड़ने व काटने के आरोप के बीच पैक्स चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। पैक्सों के वर्तमान अध्यक्षों पर मतदाता सूची में नाम काटने, नाम हटाने तथा नाम को सह सदस्य में शामिल करने का आरोप- प्रत्यारोप का भी दौर शुरू हो गया है। ज्यादातर लोगों का आरोप है कि वर्तमान पैक्स अध्यक्षों ने मनमाने ढंग से अपने चहेतों का नाम जोड़ दिया है।
इसी क्रम में अलगू सिंह ने कहा कि पैक्स की मतदाता सूची में नाबालिगों का नाम जोड़ा गया है। पूर्व शिक्षक श्री राम सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 के चुनाव में मैं पैक्स का मतदाता था फिर भी मेरा नाम काट दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इस प्रकार के कार्य नही होने चाहिए। सुरेश सिंह ने कहा कि अध्यक्ष को नाम जोड़ने का अधिकार मिलना चाहिए, जबकि नाम काटने पर विरोध होना चाहिए। संत सिंह ने कहा कि अध्यक्षों को किसी का नाम नही काटना चाहिए बल्कि चुनाव में मतदाताओं के सवालों का सामना करना चाहिए। वहीं ताजपुर पँचायत के पूर्व मुखिया विजय सिंह ने भी मतदाता सूची के प्रति नाराजगी दिखाई!