पैक्स चुनाव के मद्देनजर वोटर लिस्ट में दावा आपत्ति शुरू! कई लोगों ने लगाया फर्जीवाड़ा का आरोप!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड मुख्यालय परिसर में मंगलवार को आसन्न पैक्स चुनाव के मद्देनजर वोटर लिस्ट में दावा आपत्ति का कार्य शुरू कर दिया गया। माँझी के बीडीओ रंजीत सिंह ने बताया कि पैक्स मतदाताओं के लिए 22 अक्टूबर तक दावा आपत्ति का दौर चलेगा।
बताते चलें कि पैक्स चुनाव में प्रकाशित मत पत्र को लेकर पूर्व के मतदाताओं में काफी नाराजगी देखी जा रही है। पैक्स अध्यक्ष के कई सम्भावित प्रत्यासी पैक्स अध्यक्ष और प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी की कथित मिली भगत से पैक्सों की मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा किये जाने की शिकायत की है। सदस्यों ने आरोप लगाया है कि वास्तविक मतदाताओं को नजर अंदाज कर उनका नाम सदस्य की सूची से हटा कर के सह सदस्य की सूची में अंकित कर दिया गया है। नाराज सदस्यों ने आरोप लगाया कि अवैध तरीके से नाबालिगों का नाम पैक्स की मतदाता सूची में जोड़ा गया है। सदस्यों का आरोप है कि पैक्स चुनाव की मतदाता सूची में भी काफी त्रुटि है जिसे पुनः जांच कर सुधार करने की जरूरत है।
इस बीच कौरुधौरु पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि उदय शंकर सिंह ने बीडीओ को आवेदन देकर माँझी प्रखण्ड के कौरु धौरु पैक्स अध्यक्ष पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कौरु धौरु पैक्स के मतदाता सूची में घोर लापरवाही की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान अध्यक्ष द्वारा अपने चहेतों का नाम मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 30 वर्ष पहले से सूची में सदस्य के रूप में रह चुके मतदाता को 2024 में सह सदस्य बना दिया गया है। वहीं कई लोगों का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है।
उधर गोबरही पैक्स से अध्यक्ष पद के संभावित प्रत्यासी व पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अलगू सिंह ने एक आवेदन देकर मत पत्र में नाबालिग मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने का आरोप लगाया। पूर्व प्रमुख अखिलेश्वर मिश्रा ने भी घोरहट पंचायत के पैक्स मतदाता सूची के प्रति नाराजगी जाहिर की। मतदाता सूची में दावा आपत्ति के मद्देनजर प्रखंड मुख्यालय पर चहल पहल बढ़ गई है।