दुर्गापूजा में विशालकाय शेर में दर्शन देंगी माँ जगदम्बे! अभी से ही दर्शकों का लगने लगा जमावड़ा!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज कुमार सिंह सिंह: माँझी नगर पँचायत के मियाँपट्टी की घनी आबादी के मध्य में दुर्गापूजा को लेकर एक ऐसा पंडाल बनने जा रहा है जिसे देखने के लिए अभी से ही दर्शकों का जमावड़ा लगने लगा है।
बताया जाता है कि पिछले 23 वर्षों से जय माँ जगदम्बे दुर्गापूजा समिति सदस्यों के द्वारा खुद अपने ही हाथों से भब्य व आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण किया जाता रहा है। जय माँ जगदम्बे पूजा समिति में वर्षों पूर्व हरिशंकर प्रसाद अध्यक्ष, दिलीप चौधरी सचिव तथा उमेश सोनी, हरेराम यादव एवम सोनू कुमार नामित किये गए थे। वही समिति अबतक क्रियाशील है।
इस वर्ष के पंडाल निर्माण के मुख्य आर्टिष्ट बिनोद कुमार गुप्ता उर्फ गुरुजी के निर्देशन में कुल 25 कारीगर पिछले एक महीने से कड़ी मिहनत करके विशालकाय शेर के नेपथ्य में पहाड़ पर स्थित 60 फीट ऊंचा आकर्षक पंडाल का निर्माण कर रहे हैं।
इस संबंध में मुख्य आर्टिष्ट बिनोद गुप्ता ने बताया कि पंडाल का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है तथा दशहरा पर्व की सप्तमी से पंडाल के आकर्षक लुक एवम विशालकाय व भब्य प्रतिमा का दर्शन हजारों दर्शक करने लगेंगे। उन्होंने बताया कि लगभग दो हजार वर्गफुट में बनने वाले उक्त पंडाल के निर्माण में लगभग आठ सौ पीस बांस, एक हजार बंडल पुआल, पांच सौ मीटर बोरी, तीन क्विंटल नारियल की रस्सी, दस किलो कांटी, 15 बंडल फोम, दो हजार पीस लकड़ी की बीट, एक सौ मीटर कपड़ा, दस बोरी सीमेंट, 50 लीटर पेण्ट व प्राइमर आदि सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। पंडाल निर्माण का अनुमानित खर्च लगभग पाँच लाख रुपये आंका गया है।
वही मियाँ पट्टी की घनी आबादी के बीचोबीच स्थापित होने वाले उक्त विशालकाय पंडाल को देखने के लिए दूर दराज से हजारों दर्शक प्रतिवर्ष आते हैं तथा पूरे दशहरा पर्व के दौरान पंडाल के समीप मेला सा दृश्य उतपन्न होता है। समिति सदस्यों के स्वयंसेवकों के अलावा स्थानीय प्रशासन द्वारा भी पंडाल के समीप दर्शकों को नियंत्रित करने के लिए मजिस्ट्रेट की देखरेख में दर्जन भर पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाता है।