फरार कैदी प्रिंस मामले में जेल डॉक्टर पर शक! कड़ी पूछताछ, जेल से छूटा सोनू पटेल भी फरार!
पटना (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: PMCH से फरार हुए कुख्यात अपराधी प्रिंस और सोनू पटेल को 24 घंटे बाद भी पुलिस नही ढूंढ पाई है। वहीं इस मामले में एक जेल डॉक्टर जांच के घेरे में हैं। लॉ एंड ऑर्डर SP संजय सिंह ने पांच घंटे तक डॉक्टर से पूछताछ किया है। सोना लुटेरा सुबोध सिंह का शातिर राइट हैंड प्रिंस कुमार उर्फ अभिजित कुमार सिपाहियों को पहले भरोसे में लिया। फिर मुर्गा पार्टी चली, जिसमें पुलिस के दोनों जवान भी शामिल थे, लेकिन पुलिसकर्मियों को यह नही पता था कि प्रिंस भाग जाएगा। हालांकि इस पूरे मामले की जांच एसपी लॉ एंड ऑर्डर संजय सिंह के नेतृत्व में की जा रही है।
घटना के बाद SP लॉ एंड ऑर्डर संजय कुमार, DSP टाउन अशोक कुमार समेत अन्य अधिकारी पटना के बेउर जेल पहुंचे, जहाँ बेउर जेल के अधीक्षक से अपराधियों के बारे में जानकारी लिया और संदिग्धों से पूछताछ की गई। जानकारी यह भी है जेल का डॉक्टर कुख्यात प्रिंस को बिना किसी समस्या के ही PMCH अस्पताल भेजा करता था। ऐसा एक दो बार नहीं बल्कि पांच बार कर चुका है।
चिकेन और शराब पार्टी के बाद फरार हुए दोनों
सूत्रों की माने तो कुख्यात अपराधी प्रिंस और सोनू पटेल से लगातार कॉन्टैक्ट में थे। घटना के दिन (सोमवार) भी अस्पताल से प्रिंस, सोनू पटेल, ओंकार के साथ दो पुलिस के जवान कदमकुआं थाना क्षेत्र के एक महिला डॉक्टर के मकान में पहुंचे। एक कमरे में सिपाहियों समेत तीनों अपराधियों ने चिकेन और शराब पार्टी किया। शराब के नशे में प्रिंस और सोनू ने कमरे को बाहर से बंदकर हथकड़ी के साथ ही दोनों फरार हो गए।सोनू और प्रिंस के फरार होने के बाद सिपाहियों के होश उड़ गये और दरवाजा तोड़ कर अपराधी ओंकार के साथ दोनों पुलिसकर्मी बाहर आए। घटना की जानकारी पुलिस के अधिकारियों को दी गई, तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना के बाद से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दिया।
यूनिवर्सिटी में बमबाजी समेत अन्य कई मामलों का आरोपी सोनू पटेल दो माह पहले ही जेल से छूटकर आया था और प्रेमचंद रंगशाला स्थित जाने-माने महिला डॉक्टर के मकान में अन्य छात्रों के साथ किराए पर रह रहा था। अपराधी प्रिंस से लगातार संपर्क में रहता था और घटना के दिन सोनू चार पहिया वाहन से ही PMCH पहुंचा था और पूर्व की प्लानिंग के तहत आरोपी फरार होने में सफल हो गया।
8 पुलिसकर्मी सस्पेंड
घटना के बाद पीरबहोर थाने में प्रिंस उर्फ अभिजित, सोनू पटेल, सिपाही रंजन पासवान, सिपाही सुबोध पासवान पर मामला दर्ज कर कुल आठ पुलिस कर्मियों को सस्पेंड किया गया है। इसमें से ही दो हवलदार को और अपराधी ओंकार को जेल भेज दिया गया है। जानकारी यह भी मिल रही है कि सुबोध पासवान की ड्यूटी में पहले भी एक अपराधी भाग चुका है, हालांकि पुलिस इसकी जांच कर रही है।