सरयु नदी के छाड़न में नहाने गए दो लड़कों की डूबने से मौत!
सारण (बिहार) संवाददाता मनोज सिंह: जिले के माँझी थाना क्षेत्र के फतेहपुर सरैया के समीप सरयु नदी के छाड़न में नहाने गए चार लड़कों में से दो लड़कों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। दो पड़ोसी युवकों के डूबने की खबर पाकर गाँव में कोहराम मच गया तथा नदी किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों के रुदन क्रन्दन व चीत्कार से वहाँ का माहौल गमगीन हो गया।
घटना रविवार के दोपहर की है। घटना की सूचना पाकर पहुँची माँझी थाना पुलिस तथा राजस्व कर्मचारी मुन्ना कुमार की देखरेख में स्थानीय गोताखोरों नें घटना के लगभग ढाई घण्टे बाद दोनों के शवों को ढूंढ निकाला। बाद में पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। मृतकों में फतेहपुर सरैया गाँव निवासी धर्मेंद्र चौधरी का एकलौता पुत्र रोहित कुमार चौधरी उम्र 18 वर्ष तथा सकलदेव चौधरी का पुत्र अंकित कुमार चौधरी उम्र 15 वर्ष शामिल हैं। अंकित अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। मौके पर राजस्व कर्मचारी मुन्ना कुमार के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण आदि मौजूद थे।