जेठानी से झगड़ा के बाद देवरानी ने उठाया गलत कदम, फिर जेठानी ने ही....
कटिहार (बिहार) संवाददाता रूपेश मिश्रा: कटिहार में जेठानी से विवाद होने के बाद देवरानी ने लगा ली फांसी, जेठानी ने फांसी के फंदे से उतार कर देवरानी की बचाई जान। घटना रौतारा थाना क्षेत्र के धरमेली गांव की बताई जाती है।
इस संबंध में बताया जाता है कि सविता देवी अपने घर के पास नया शौचालय बनवा रही थी। इसी दौरान उनकी देवरानी रूबी देवी वहां पहुंची और शौचालय निर्माण को लेकर विरोध करने लगी, जहां देवरानी और जेठानी में जमकर विवाद हुआ। दोनों एक दूसरे पर बरस रहे थे। दोनों की कहा सुनी बढ़ते बढ़ते मारपीट का रूप ले लिया। इस दौरान जेठानी व देवरानी की झगड़े को सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और दोनों को समझा बुझा कर झगड़ा शांत कराया। झगड़ा शांत होने के बाद गांव वाले अपने अपने घर चले गए और वह भी अपने काम पर लग गई।
इधर उनकी देवरानी रूबी देवी अपने कमरे में चली गई और दरवाजे को बंद कर ली। उनकी बेटी अपने चाची को फांसी के फंदे पर लटकते हुए खिड़की से देख ली। वहीं वह दौड़कर गई और इसकी जानकारी अपने भाई और मम्मी को दी। देवरानी के साथ हुए झगड़ा को भूल कर जेठानी बेटी के साथ उनके कमरे के पास पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंच गई तथा फंदे को काट कर देवरानी को बचा लिया। इस दौरान उनकी देवरानी की हालत काफी गंभीर हो गई थी, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों के द्वारा उपचार करने के बाद उसकी जान बचा ली गई। फिलहाल चिकित्सक के देखरेख में सदर अस्पताल में महिला का इलाज चल रहा है।