बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर तुलसी पौधा का हुआ वितरण!
स्कूली बच्चों द्वारा विभिन्न संकल्पों के साथ लिया गया शपथ!
सारण (बिहार): बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर शहर के प्रभिनाथ नगर में स्थित आइडियल स्कोलर्स पब्लिक स्कूल द्वारा तुलसी पौधा वितरण किया गया। साथ ही बच्चो को पर्यावरण संरक्षण में पेड़ पौधों के महत्त्व और उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं तालाब, नदी व पोखर को प्रदूषित नहीं करने के लिए शपथ दिलाई गई।
इस दौरान बच्चों ने संकल्प लिया कि पर्यावरण संतुलन के लिए सदैव प्रयास करूंगा। साथ ही प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगा कर उसकी देखभाल करूंगा। जल का दुरूपयोग नहीं करूंगा और इस्तेमाल के बाद नल को अनिवार्य रूप से बंद करूंगा। हालांकि आवश्यकता के अनुसार बिजली से संचालित उपकरणों का इस्तेमाल करूंगा। कूड़ा- कचरा निर्धारित कूड़ेदान में डालूंगा, साथ ही आस पास के लोगों को इसके लिए प्रेरित भी करूंगा। अपने स्कूल व घर को साफ रखूंगा। प्लास्टिक और पॉलिथीन का उपयोग बंद कर, कपड़े, कागज के थैलों का उपयोग करूंगा। पशु- पक्षियों के प्रति प्रेम का भाव रखूंगा। नजदीक का काम वाहन के बदले पैदल या साइकिल से करूंगा। इस अवसर पर विद्यालय की निर्देशिका डॉ अंजली सिंह और प्राचार्य रत्नेश कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से सरकार द्वारा जारी 11 प्रकार की मुख्य बिंदुओं पर भी शपथ दिलाया गया।