निर्धारित मार्ग से ही बिना डीजे व लाउडस्पीकर के निकलेगा ताजिया जुलूस!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मोहर्रम पर्व को लेकर दाउदपुर थाना परिसर में थानाध्यक्ष नवलेश की अध्यक्षता में शांति समिति की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी व समाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में थानाध्यक्ष ने लोगों से मोहर्रम को आपसी प्रेम, भाईचारे व सद्भावपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।
उक्त मौके पर उन्होंने बताया कि निर्धारित मार्ग से हीं बिना डीजे व लाउडस्पीकर के ताजिया जुलूस को निकालना है। जुलूस के दौरान पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इस दौरान थानाध्यक्ष नवलेश ने स्पष्ट कहा कि शांति-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले शरारती व असमाजिक तत्वों पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नही जाएगा। बैठक में मुखिया अभिषेक कुमार सिंह, मुखिया राजेश पाण्डेय, पूर्व सरपंच शमीम अख्तर, पूर्व जीप सदस्य मन्नान खान, आरिफ अंसारी, खुर्शीद,आशिक, अजय सिंह, अकबर अली सहित अन्य लोग मौजूद थे।