लड़की भगाने के आरोप में जमकर मारपीट, बुजुर्ग महिला की मौत!
/// जगत दर्शन न्यूज
कटिहार (बिहार) संवाददाता रूपेश मिश्रा: घर से भाग गई लड़की तो पिता ने पड़ोस के रहने वाले लड़के पर भगाने का लगाया आरोप। मारपीट करने पहुंचे लड़की के पिता को रोकने पर लड़के की दादी हुई घायल और इलाज के दौरान हो गई मौत। घटना कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मरघिया गांव की है, जहां मंटू मंडल की पुत्री कुछ दिनों पूर्व घर से भाग गई है। उन्हें गांव के ही रूपेश कुमार पर ही लड़की को भगाने का शक था, क्योंकि रूपेश उनकी पुत्री से अक्सर बातचीत करता था। लड़की के भागने का आरोप लगाकर पिता अपने अन्य परिजनों के साथ मिलकर रूपेश को मारने के लिए उनके घर पहुंचे, जहां रूपेश को मारने आए इतने लोगों को देखकर उनकी दादी चंपा देवी बीच बचाव करने पहुंची। लेकिन मंटू मंडल उस बुजुर्ग महिला का भी ख्याल नहीं किया और उसी के साथ जमकर मारपीट की। मारपीट के कारण महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे परिजनों के द्वारा इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान ही बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही बरारी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं परिजनों के फर्द बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इधर घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पक्ष घर छोड़कर फरार है।