शांतिपूर्ण मनाएं बकरीद: अफवाह फैलाने, विवादित/ आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने पर होगी कड़ी कार्रवाई!
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता सोहेल अहमद: माँझी थाना परिसर में बकरीद पर्व को लेकर शनिवार को शांति समिति की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक के दौरान राजस्व पदाधिकारी कुमारी रोजी ने जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोगों से बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने की अपील की। इस दौरान थानाध्यक्ष अमित कुमार राम ने कहा कि थाना क्षेत्र के सभी संवेदनशील जगहों पर बकरीद पर्व को लेकर पुलिस बल तैनात की जाएगी। पूरे क्षेत्र में पुलिस गश्ती भी जारी रहेगी। पर्व के मद्देनजर असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जायेगी। पदाधिकारी द्वय ने उपस्थित लोगों से अपील की कि कहीं भी कोई अफवाह फैले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
सभी लोग मिलजुलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में बकरीद का त्यौहार मनाएं। त्यौहार के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह सचेत है। थानाध्यक्ष ने कहा कि त्यौहार की पूर्व से ही इंटरनेट एवम सोशल मीडिया पर प्रशासन की कड़ी नजर है। किसी भी तरह के विवादित अथवा आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा। बैठक में दलन प्रसाद यादव, उमाशंकर ओझा, अख्तर अली, अनु खान, मंजूर खान, पूर्व हसनुद्दीन खान, आशीष मिश्रा, प्यारे अंगद, मुखिया मुन्ना साह तथा सरपंच धनेश साह आदि गणमान्य लोग मौजूद थे।