पारिवारिक प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने किया..
///जगत दर्शन न्यूज
सारण (बिहार) संवाददाता संजय पाण्डेय: पारिवारिक प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। मृतका जैतपुर साई टोला गांव निवासी ऐनुदिन की 25 वर्षीय पुत्र-वधू व साजिद साईं की पत्नी रेशमा खातून बताई जाती है। इस घटना की सूचना मिलते हीं दाउदपुर थानाध्यक्ष नवलेश ने घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। मृतका का मायका और ससुराल एक ही गांव जैतपुर साई टोला में हीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जब मृतका का बेटा अपने नानी के घर आकर घटना की जानकारी दी कि मां गले में फंदा लगाकर घर में पंखे से लटकी हुई है। उसके बाद मृतका की मां बेटी के घर पहुंची तो देखा कि उसकी बेटी मृत अवस्था में घर में जमीन पर पड़ी हुई है। रेशमा के शव को देख सबकी आंखें फटी रह गई। तब उसने दाउदपुर थाना पुलिस को सूचित किया। मृतका की मां ने ससुराल वालों पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए बताया कि घटना के एक दिन पहले भी ससुराल वालों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद वह मायके चली आई थी। इसी बीच मंगलवार को जब वह ससुराल गई तो कुछ ही समय बाद घटना की जानकारी मिली की रेशमा की मौत हो गई हैं। मृतिका का पति विदेश में रहता है। उसकी शादी 16 वर्ष पहले गांव ही के साजिद से हुई थी। उसके तीन पुत्र है। रेशमा का ससुराल वालों के साथ कई वर्षो से खटपट चल रहा था। जिससे परेशान होकर रेशमा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की मां ने ससुराल वालों पर रेशमा खातून को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष नवलेश ने बताया कि इस मामले में मायके पक्ष से अभी कोई आवेदन नहीं मिला हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही हैं।