दो मंजिला छत पर डाली गई पलानी में लगी आग, हजारों की संपत्ति हुई राख!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखण्ड के कोहड़ा गांव में गुरुवार को एक दोमंजिला छत पर डाली गई पलानी में अचानक आग लग गई, जिसके अंदर रखे हजारों रुपये मूल्य के सामान जल गए। छत के ऊपर उठते धुंए पर जब कुछ ग्रामीणों की नजर पड़ी तो शोर मचाया। जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. जमीर कोहड़ा बाजार स्थित अपनी क्लिनिक पर थे। सुबह में खाना खाने के बाद की महिलाएं घर के अंदर आवश्यक कार्य को निपटाने में लगी थी। तभी लोगों ने शोर मचाते हुए छत के ऊपर पलानी में आग लगने की जानकारी दी तो अफरातफरी मच गई। उसके बड़ी संख्या में मुहल्ले व गांव के लोग इक्ट्ठा होकर आग बुझाने में जुट गए। पड़ोसियों के निजी बोरिंग नल की सहायता से आग पर काबू पाया गया। चापाकल का वाटर लेबल डाउन होने व सरकारी नल-जल ठप पड़ने के कारण भी आग बुझाने में काफी परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों ने बताया कि घटना के वक्त हवा तेज नही थी अन्यथा आग की लपटें मकान के अंदर व पड़ोसियों के घर तक पहुंच जाती जिससे भारी नुकसान हो सकता था।
ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड संख्या 4 का नलजल सप्लाई 15 दिनों से ठप है। शॉट सर्किट के कारण समरसेबल के जल जाने से जल की सप्लाई बंद होने की बात बतायी जा रही है। जिसकी जानकारी देने के बाद एक सप्ताह पहले हीं विभागीय कर्मी के द्वारा मरम्मती के लिए समरसेबल को खोलकर ले जाया गया था तथा दो दिन अंदर ठीक करके लगा देने का आश्वासन दिया गया था। मगर अभी तक समरसेबल की मरम्मती कराकर नही लगाया गया है। जिससे वार्ड संख्या 4 के लोगों में गहरी नाराजगी है। उधर पीएचईडी के विभागीय अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह तक समरसेबल लगाकर नल-जल की सप्लाई शुरू करा दी जाएगी।